लालकुआं। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने सामाजिक सरोकार और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों एवं दुग्ध समितियों से जुड़े जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की। संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 20 लाभार्थियों को कुल 2 लाख 98 हजार रुपये की सहायता राशि के चैक वितरित किए गए।
संघ के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में लाभार्थियों को चैक सौंपे गए। यह सहायता उन लोगों को दी गई, जो आकस्मिक घटनाओं, गंभीर बीमारी अथवा पशुधन की क्षति जैसी विपरीत परिस्थितियों से गुजर रहे हैं।
संघ की ओर से जानकारी दी गई कि गौशालाओं में अग्निकांड, गुलदार के हमले तथा अन्य कारणों से पशुओं की मृत्यु से प्रभावित पशुपालकों को राहत राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त गंभीर बीमारी से जूझ रहे सात दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को भी आर्थिक सहयोग दिया गया।
लाभार्थियों को 25 हजार, 21 हजार, 15 हजार, 12 हजार और 10 हजार रुपये तक के चैक वितरित किए गए। सहायता प्राप्त कर लाभार्थियों ने संघ का आभार जताते हुए कहा कि संकट के समय मिली यह मदद उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई है।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ अपने सभी सदस्यों के प्रति पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना संघ की प्राथमिक जिम्मेदारी है और भविष्य में भी यह सहयोग जारी रहेगा।
कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी प्रबंधक उमेश पढालनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, शांति कोरंगा, पूरन चंद्र मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, पशुपालक, समिति पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लालकुआं (नैनीताल) नैनीताल दुग्ध संघ का सराहनीय कदम, अध्यक्ष मुकेश बोरा ने जरूरतमंदों को बांटे 2.98 लाख के चेक
