उत्तराखंड के युवाओं के लिए ग्राफिक एरा की बड़ी पहल, इंजीनियरिंग डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवा की मिलेगी मुफ्त ट्रेनिंग
हल्द्वानी, 9 मार्च। उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से ग्राफिक एरा समूह ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। इस पहल के तहत राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ग्राफिक एरा समूह के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने हल्द्वानी स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से यह योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत उत्तराखंड के गरीब परिवारों के बच्चों को बिना शुल्क के उच्च स्तरीय तकनीकी और प्रोफेशनल शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. घनशाला ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई प्रतिभाशाली युवा आर्थिक कारणों से बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण से वंचित रह जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए देहरादून और भीमताल में इंजीनियरिंग डिप्लोमा और होटल मैनेजमेंट के कोर्स निशुल्क कराए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग जैसे विषय शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि होटल मैनेजमेंट का एक वर्ष का कोर्स भी युवाओं को बिना शुल्क के कराया जाएगा, जिसमें इंडस्ट्री से जुड़ी ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इस प्रशिक्षण के बाद युवाओं को होटल उद्योग में करियर शुरू करने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
साथ ही राज्य के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सिविल सेवा परीक्षाओं की उच्च स्तरीय ट्रेनिंग भी दी जाएगी। डॉ. घनशाला ने बताया कि ग्राफिक एरा की बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की छात्रा मिनल नेगी का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन उत्तराखंड की प्रतिभाओं का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि मिनल नेगी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 56वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से आने वाली मिनल नेगी की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि अगर मेहनत और जुनून हो तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस पहल के माध्यम से ग्राफिक एरा राज्य के उन युवाओं को अवसर देना चाहता है जो आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा और प्रोफेशनल कोर्स नहीं कर पाते। चयनित छात्रों को केवल अपने आवास की व्यवस्था स्वयं करनी होगी, जबकि कोर्स की पढ़ाई और प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
पत्रकार वार्ता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी, भीमताल परिसर के निदेशक कर्नल ए. के. नायर, डॉ. हिमानी सेमवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
