हल्दूचौड़/देहरादून। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर हल्दूचौड़ निवासी समाजसेवी शुभम अंडोला ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को गणेश चतुर्थी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री गणेश की प्रतिमा भेंट की।
मुलाकात के दौरान शुभम अंडोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व पर रहते हुए भी धामी आम लोगों से आत्मीयता के साथ मिलते हैं और उनके व्यवहार में सहजता व अपनापन आज भी देखने को मिलता है।
अंडोला ने कहा कि गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं देने का अवसर मिलना उनके लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने भगवान श्री गणेश से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़े तथा देवभूमि नई ऊंचाइयों को छुए।
उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए भी भगवान श्री गणेश से प्रार्थना की।

