लालकुआं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेंचुरी पल्प एंड पेपर लिमिटेड में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को समर्पित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य संचालन अधिकारी प्रणव शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रकृति संरक्षण प्रत्येक नागरिक की प्राथमिक जिम्मेदारी बन गई है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा ने कहा कि पर्यावरण और मानव जीवन का अस्तित्व एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उद्योगों, संस्थाओं और आमजन को मिलकर हरित एवं सतत विकास की दिशा में कार्य करना होगा। वृक्ष केवल ऑक्सीजन के स्रोत नहीं हैं, बल्कि जल संरक्षण, भूमि संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि सेंचुरी पल्प एंड पेपर द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 222.11 लाख पौधों का रोपण एवं किसानों को पौधों का वितरण किया गया। वहीं वर्ष 2026-27 में 250 लाख पौधों के वृक्षारोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नरेश चंद्रा ने यह भी जानकारी दी कि कंपनी ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ 200 एकड़ भूमि में वृक्षारोपण के लिए एमओयू किया है। इस परियोजना के अंतर्गत पौधारोपण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य वित्त अधिकारी महेंद्र कुमार हरित सहित संजय यादव, संजय बाजपेयी, अमृत सैनी, अनिल दुबे, राजेश कुमार, महेश शर्मा, वंदना पंत, सुभिता रावत, भरत पांडेय एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
